भागलपुर में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न सांसद अजय कुमार मंडल की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा, समन्वय और समयबद्धता पर जोर

भागलपुर: भागलपुर सांसद कार्यालय के तत्वावधान में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक माननीय सांसद श्री अजय कुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे — सांसद

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद श्री अजय कुमार मंडल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चुनाव और राज्य में नई सरकार के गठन के बाद यह दिशा समिति की पहली बैठक है, जिससे इसकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“हमारा उद्देश्य केवल फाइलों में दर्ज आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुँचे। मेरा उद्देश्य स्पष्ट है — भागलपुर का समग्र एवं संतुलित विकास।”

सांसद ने विशेष रूप से बाढ़ कटाव से सुरक्षा, राष्ट्रीय राजमार्गों की संख्या में वृद्धि, तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भागलपुर के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना अनिवार्य है तथा सभी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता

माननीय सांसद ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक विकास एवं कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन इनका उद्देश्य तभी पूरा होगा जब जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारेंगे

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आम जनता तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाने के साथ-साथ पात्र लाभुकों को लाभ दिलाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर पहल करें।
उन्होंने कहा,
“अपात्र व्यक्ति को लाभ न मिले और पात्र व्यक्ति वंचित न रहे — इसकी जिम्मेदारी हम सभी की है।”

सांसद ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क मरम्मत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा आवास योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुँचा है या नहीं, इसकी नियमित निगरानी आवश्यक है।

दिशा बैठकों की केन्द्र सरकार द्वारा होती है मॉनिटरिंग

सांसद श्री अजय कुमार मंडल ने बताया कि दिशा समिति की बैठकों की मॉनिटरिंग केन्द्र सरकार द्वारा की जाती है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी कार्ययोजनाओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक सुनिश्चित रूप से पहुँच सके।

योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

बैठक में निम्नलिखित योजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई:

  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)
  • राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI)
  • प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
  • प्रधानमंत्री आवास योजना
  • प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
  • उज्ज्वला योजना
  • स्वच्छ भारत मिशन
  • प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना
  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन
  • समग्र शिक्षा अभियान
  • प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना

बैठक में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित

बैठक में माननीय विधायक श्री रोहित पांडेय, श्री ललित नारायण मंडल, श्री मुरारी पासवान, श्री मिथुन यादव, भागलपुर की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, मनोनीत सदस्यगण, जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त (डीडीसी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), विभागीय अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में सांसद श्री अजय कुमार मंडल ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी की अपील की।

  • Related Posts

    ​Bhagalpur Crime: हाथ में कट्टा, आंखों में खौफ नहीं! बिहपुर में ‘छोटूवा ठाकुर’ का फायरिंग वीडियो वायरल; सुशासन के दावों पर उठे सवाल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    गया में बनेगा अत्याधुनिक चिड़ियाघर, राज्य सरकार की सैद्धांतिक मंजूरी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading