
भागलपुर। पूरे बिहार के साथ में कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। पिछले चार दिनों से सिल्क सिटी शीतलहर की चपेट में है। सोमवार की सुबह शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई।
ठंड के साथ कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। रोजमर्रा के काम से घर से बाहर निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को खास दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
घने कोहरे और तेज पछुआ हवा के कारण कनकनी और बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते दिख रहे हैं। चौक-चौराहों पर लोग ठिठुरते हुए कोहरे के छंटने का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने भागलपुर और आसपास के जिलों के लिए ठंड और कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो सकता है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।


