भागलपुर में घने कोहरे का रेल परिचालन पर असर, लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

भागलपुर। शीतलहर के बीच भागलपुर समेत पूरे क्षेत्र में घने कोहरे और धुंध का असर अब रेल परिचालन पर साफ तौर पर नजर आने लगा है। दूसरे राज्यों और प्रदेशों से आने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंच रही हैं। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ठंड और कोहरे के बीच यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को झेलनी पड़ रही है। सुबह और रात के समय कोहरा और भी घना हो जाने से हालात और बिगड़ जा रहे हैं। कई यात्री ठंड में ट्रेन के इंतजार में बैठे नजर आ रहे हैं।

यात्रियों का कहना है कि लगातार पड़ रही धुंध और कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार बेहद कम कर दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनें रेंगते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं, जिसका सीधा असर समय-सारणी पर पड़ रहा है। इसी वजह से अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनें तय समय से कई घंटे देरी से पहुंच रही हैं।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घने कोहरे के कारण ट्रेनों की स्पीड नियंत्रित की गई है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में भी रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

फिलहाल यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम के साथ यात्रा करें।

  • Related Posts