राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए भागलपुर के 31 युवा कलाकार मधुबनीरवाना जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर दी शुभकामनाएं

भागलपुर,कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा मधुबनी में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के लिए भागलपुर जिले के चयनित युवा कलाकारों को सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समाहरणालय परिसर से प्रस्थान करने वाले इस दल में दो दल-प्रमुखों के साथ कुल 31 युवा प्रतिभागी शामिल हैं, जो विभिन्न विधाओं में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री अंकित रंजन, किलकारी के प्रमंडलीय कार्यक्रम समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

24 और 25 दिसंबर को होगा राज्य स्तरीय आयोजन

राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 24 एवं 25 दिसंबर 2025 को मधुबनी जिले में किया जाएगा। भागलपुर से रवाना हुए प्रतिभागियों का 26 दिसंबर 2025 को पुनः भागलपुर आगमन होगा। इस उत्सव में राज्य के विभिन्न जिलों से आए युवा कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विभिन्न विधाओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे युवा

भागलपुर से चयनित प्रतिभागी कविता, कहानी लेखन, वक्तृता, समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य एवं चित्रकला जैसी विधाओं में जिला स्तरीय युवा महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर के लिए चयनित हुए हैं। सभी प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागलपुर जिले का नेतृत्व करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर: जिलाधिकारी

प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि आप सभी युवा भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इनकी अगली प्रस्तुति राष्ट्रीय स्तर पर होगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी अंग क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को पूरे राज्य में फैलाएं तथा मधुबनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भागलपुर का नाम रोशन करें।

अंगिका संस्कृति के प्रचार पर दिया गया जोर

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री अंकित रंजन ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्तर पर सभी युवा अपने शिष्टाचार, संस्कार, अंगिका संस्कृति और कला का बेहतर ढंग से प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले युवा उत्सव में भागलपुर की सहभागिता सुनिश्चित करना लक्ष्य है।

  • Related Posts