पटना,भारतीय क्रिकेटर एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के प्रोटोकॉल ऑफिसर श्री अनुकूल रॉय ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025–26 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर न केवल बिहार बल्कि पूरे ऊर्जा विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीतने पर सोमवार को विद्युत भवन, पटना में उनके सम्मान में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में बिहार सरकार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव एवं BSPHCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह तथा नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार ने श्री अनुकूल रॉय को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के दौरान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की झलकियां भी प्रदर्शित की गईं।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025–26 में अनुकूल रॉय ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में असाधारण प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 303 रन बनाए और 18 विकेट हासिल किए, जिसके चलते वे प्रतियोगिता के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे। उनके संतुलित और निरंतर प्रदर्शन ने टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऊर्जा परिवार और बिहार के लिए गौरव का क्षण: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने अपने संबोधन में कहा कि इस टूर्नामेंट में देशभर से लगभग 495 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से अनुकूल रॉय को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान मिला। उन्होंने कहा,
“अनुकूल ने न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि समस्तीपुर, बिहार और पूरे ऊर्जा परिवार को गौरवांवित किया है। जिस देश में क्रिकेट एक जुनून है, वहां हमारे विभाग के खिलाड़ी का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।”
खेल और कार्य दोनों में उत्कृष्टता का उदाहरण: ऊर्जा सचिव
ऊर्जा विभाग के सचिव एवं BSPHCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह ने अनुकूल रॉय का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे ऊर्जा विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अनुकूल रॉय की सफलता विभाग के कर्मचारियों को अपने दैनिक जीवन में खेल और शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा: राहुल कुमार
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार ने अनुकूल रॉय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका यह सम्मान बिहार और देश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
माता-पिता की भूमिका अहम: अनुकूल रॉय
सम्मान समारोह के दौरान अनुकूल रॉय ने सभी अतिथियों और विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने में माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दें।
बीसीसीएल में भी निभाई अहम भूमिका
उल्लेखनीय है कि अनुकूल रॉय ने बिहार कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग (BCCL) के दूसरे सत्र में BSPHCL की टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने एक मुकाबले में रणजी खिलाड़ी शकीबुल गनी के साथ शानदार साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब भी अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन के दम पर BSPHCL की टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही।
अनुकूल रॉय का क्रिकेट सफर
30 नवंबर 1998 को समस्तीपुर (बिहार) में जन्मे अनुकूल रॉय बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हैं। उन्होंने 2018 के अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में स्थान बनाया। घरेलू क्रिकेट में वे झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं और रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी सहित कई प्रमुख टूर्नामेंटों में प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं।
अनुकूल रॉय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वे मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) जैसी प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की पहचान मजबूत करने में निरंतर योगदान दे रहे हैं।


