सात निश्चय-3 के तहत भागलपुर में जनप्रतिनिधियों से लिया गया फीडबैक, संस्थागत सेवाओं में सुधार पर हुई विस्तृत चर्चा

भागलपुर, राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय–3 के अंतर्गत आम नागरिकों के जीवन को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।

यह बैठक सबका सम्मान – जीवन आसान कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई, जिसमें आधुनिक नवाचार और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से सरकारी संस्थागत सेवाओं में सुधार लाने के लिए जनप्रतिनिधियों से फीडबैक और सुझाव लिए गए।

संस्थागत सेवाओं में सुधार को लेकर आए कई सुझाव

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों को दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें प्रमुख रूप से विद्यालयों में शिक्षकों और अभिभावकों के बीच प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने, तथा विकलांगता प्रमाण पत्र हेतु चिकित्सीय जांच की व्यवस्था प्रखंड स्तर पर सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।

इसके अलावा कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत त्वरित भुगतान के लिए पंचायत स्तर पर आकस्मिक निधि की व्यवस्था करने, डब्ल्यूपीयू में गोबर गैस प्लांट लगाने, तथा 7 से 8 पंचायतों पर एक आधार नामांकन सुविधा केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया।

स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर

जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था, बीपीएल सूची के पुनः अद्यतन, तथा लेबर कार्ड बनाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने की मांग रखी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुटीर उद्योगों के विकास, प्रत्येक पंचायत में दूध बिक्री केंद्र खोलने, सोलर लाइट के नियमित रखरखाव, तथा आपदा के समय शहरी क्षेत्रों में भी आपदा प्रबंधन सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे सुझाव दिए गए।

इसके साथ ही नगर निगम कार्यालय में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने जीवनशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव पर दिया जोर

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सुखी और स्वस्थ जीवन के लिए केवल योजनाएं ही नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति और जीवनशैली में बदलाव भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन और मेहनत की भावना विकसित करने के लिए इसकी शुरुआत घर से ही करनी होगी। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से समाज और राज्य दोनों का विकास संभव है।

सात निश्चय-3 की प्रमुख प्राथमिकताएं

गौरतलब है कि सात निश्चय–3 कार्यक्रम वर्ष 2025 से 2030 की अवधि के लिए तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत निम्नलिखित सात प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं—

  1. दो गुना रोजगार – दोगुनी आय
  2. समृद्ध उद्योग – सशक्त बिहार
  3. कृषि में प्रगति – प्रदेश की समृद्धि
  4. उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य
  5. सुलभ स्वास्थ्य – सुरक्षित जीवन
  6. मजबूत आधार – आधुनिक विस्तार
  7. सबका सम्मान – जीवन आसान

बैठक में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सभी प्रखंड पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, नगर निगम भागलपुर के वार्ड पार्षद तथा जिले के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • Related Posts