नितिन नबीन के पटना दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 23 दिसंबर को रोड शो के दौरान बदला रहेगा रूट

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पदभार ग्रहण करने के बाद 23 दिसंबर को पटना आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट से ही नितिन नबीन का भव्य रोड शो प्रस्तावित है, जिसे लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत यातायात व्यवस्था जारी कर दी है।

एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक होगा रोड शो

नितिन नबीन का रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, पटेल भवन, पुनाईचक, हाईकोर्ट, ऊर्जा भवन, आयकर गोलंबर, भाजपा प्रदेश कार्यालय होते हुए मिलर हाई स्कूल तक जाएगा। यह यातायात व्यवस्था 23 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी।

एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों के लिए दिशा-निर्देश

जिला परिवहन कार्यालय से दक्षिण की ओर से आने वाले सभी वाहन टमटम पड़ाव होते हुए फुलवारीशरीफ मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं उत्तर की ओर से आने वाले वाहन जगदेव पथ होते हुए जाएंगे। पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। एयरपोर्ट पर रिसीव करने आने वाले कार्यकर्ता अपने वाहन बाहरी पार्किंग क्षेत्र में ही पार्क करेंगे।

यात्रियों से अपील की गई है कि 23 दिसंबर को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच उड़ान पकड़ने वाले यात्री कम से कम तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें।

सगुना मोड़ और दानापुर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

सगुना मोड़ और दानापुर से पूरब हड़ताली मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को राजा बाजार आरओबी क्षेत्र में दबाव बढ़ने की संभावना के मद्देनजर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
बेली रोड पर पूरब की ओर जाने वाले वाहन दक्षिण दिशा में जगदेव पथ, जिला परिवहन कार्यालय, टमटम पड़ाव, फुलवारीशरीफ होते हुए जा सकेंगे। वहीं उत्तर दिशा में आशियाना-दीघा रोड से दीघा, कुर्जी, राजापुर पुल और अशोक राजपथ का उपयोग किया जा सकेगा। जगदेव पथ पर किसी भी प्रकार की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

बेली रोड पर यातायात प्रतिबंध

डुमरा टीओपी से आयकर गोलंबर तक रोड शो के दौरान यातायात दबाव बढ़ने की आशंका है। कंकड़बाग और पटना जंक्शन की ओर से पश्चिम जाने वाले वाहन जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक आरओबी, गर्दनीबाग आरओबी और अनिसाबाद गोलंबर के रास्ते जाएंगे।
डाकबंगला से पश्चिम जाने वाले वाहन उत्तर में बुद्ध मार्ग, पुलिस लाइन तिराहा, राजापुर पुल और अशोक राजपथ का उपयोग करेंगे, जबकि दक्षिण दिशा में कोतवाली टी, जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक और अनिसाबाद गोलंबर मार्ग निर्धारित किया गया है।

वीरचंद पटेल पथ पर पूर्ण प्रतिबंध

वीरचंद पटेल पथ पर आर ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर तक दोनों फ्लैंक में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

पार्किंग व्यवस्था

रोड शो में शामिल होने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक गोलंबर के नीचे निर्धारित की गई है। बड़ी गाड़ियों और बसों की पार्किंग अटल पथ पर सिंगल लेन के एक फ्लैंक में होगी।

पटना ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि रोड शो के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।


नितिन नबीन के पटना दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 23 दिसंबर को रोड शो के दौरान बदला रहेगा रूट

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में फिर सक्रिय होगा मानसून, 12 और 13 जुलाई को तेज हवा के साथ भारी बारिश के आसार; 17 जिलों के लिए अलर्ट जारी

    Share Add as a preferred…