राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद राजनीति प्रसाद का निधन, 79 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद राजनीति प्रसाद का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और पटना के महेंद्रू स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से बिहार की राजनीति और समाजवादी आंदोलन को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

समाजवादी विचारधारा के सशक्त प्रवक्ता थे राजनीति प्रसाद
राजनीति प्रसाद का जन्म पटना के सूढ़ी टोला में हुआ था। वे जीवनभर समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे और जेपी आंदोलन के सक्रिय कार्यकर्ताओं में शामिल थे। पेशे से वकील रहे राजनीति प्रसाद ने राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई।

जेपी आंदोलन से राज्यसभा तक का सफर

वे वर्ष 1974 के ऐतिहासिक जयप्रकाश नारायण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं में रहे। इसके बाद उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों के जरिए अपनी पहचान मजबूत की। वर्ष 2006 से 2012 तक वे राजद के टिकट पर राज्यसभा सदस्य रहे।

लोकपाल बिल पर फाड़ दी थीं प्रतियां

वर्ष 2008 में राजनीति प्रसाद उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे, जब उन्होंने राज्यसभा में तत्कालीन यूपीए सरकार के लोकपाल विधेयक की प्रतियां फाड़ दी थीं। उनका यह कदम सरकार की नीतियों के विरोध और जनहित की आवाज के रूप में देखा गया था।

लालू यादव के करीबी और मधु लिमये के अनुयायी

राजनीति प्रसाद समाजवादी चिंतक प्रो. मधु लिमये के अनुयायी थे और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के करीबी मित्रों में गिने जाते थे। पार्टी संगठन और वैचारिक राजनीति में उनका विशेष योगदान माना जाता है।

नेताओं ने जताया शोक

उनके निधन पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह, उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी और राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।
राजद नेताओं ने कहा कि राजनीति प्रसाद का जाना समाजवादी आंदोलन और बिहार की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

  • Related Posts

    राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नीतीश कुमार को जदयू उम्मीदवार बनाए जाने पर सम्राट चौधरी ने दी बधाई

    Share Add as a preferred…

    Continue reading