पटना:बिहार पुलिस द्वारा नशा मुक्त बिहार और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। पटना जिले के परसाबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीले इंजेक्शन और चोरी के मोबाइल फोन के कारोबार का खुलासा करते हुए दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 को ग्राम एतवारपुर में चोरी के मोबाइल फोन एवं प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री से संबंधित गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस बल की मदद से मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के क्रम में अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने 18 चोरी के मोबाइल फोन, 04 ब्लूटूथ डिवाइस, ₹55,780/- रुपये नकद, एक पेन ड्राइव तथा 39 पीस प्रतिबंधित एविल इंजेक्शन बरामद किए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि आरोपी अवैध नशे और चोरी के मोबाइल के कारोबार में सक्रिय थे। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
फिलहाल, पुलिस ने जब्त सभी सामानों को विधिवत अपने कब्जे में ले लिया है और गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशा और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


