भागलपुर में मामूली विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की हालत गंभीर

भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनपुर पश्चिम टोला में देर रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घायलों की पहचान मोहम्मद फरहान और मोहम्मद बकार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाले हसन और हुसैन के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी विवाद को सुलझाने के बहाने आरोपियों ने देर रात दोनों युवकों को पानी टंकी के पास बुलाया, जहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान मोहम्मद बकार पर सिर, पेट और पीठ पर कई बार चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वहीं, मोहम्मद फरहान को भी चाकू से चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मोहम्मद बकार की हालत गंभीर बताते हुए उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। फिलहाल बकार का इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

बाइट – एमडी फैज, परिजन
परिजन एमडी फैज ने बताया कि यह हमला पूर्व नियोजित था और आरोपियों ने सुलह के नाम पर बुलाकर जानलेवा हमला किया। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मोजाहिदपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • ये भी पढ़े..

    गया सेंट्रल जेल में बड़ी कार्रवाई, डिप्टी सुपरिटेंडेंट सस्पेंड; अपराधियों से सांठगांठ और गंभीर लापरवाही के आरोप

    Share Add as a preferred…

    गोलाघाट और बौसी पुल के पास ROB निर्माण की समस्याओं पर एक्शन, 26 जून को होगा संयुक्त निरीक्षण

    Share Add as a preferred…