भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशी पंचायत के वार्ड संख्या एक में जमीन विवाद को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। गांव के कुछ दबंगों पर एक जमीन मालिक की वैध भूमि पर हथियार के बल पर अवैध कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।
पीड़ित परिवार की ओर से रामरूप पासवान के छोटे पुत्र रामबालक पासवान ने मीडिया को बताया कि उनके पिता के नाम से महेशी पंचायत के वार्ड संख्या एक में पांच कट्ठा जमीन पूर्व से दर्ज है। उन्होंने दावा किया कि उक्त जमीन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं, जिनमें अंचल पदाधिकारी द्वारा निर्गत कागजात और अंचल रसीद भी शामिल है।
रामबालक पासवान के अनुसार, गांव के दबंग पुरण पासवान, उनकी पत्नी तथा उनके सहयोगियों—अभन सिंह (पति स्व. लबल सिंह), गुजेंद्र पासवान (पिता स्व. नारायण पासवान), बोर्डर पासवान (पति स्व. पल्लु पासवान), सुजीत पासवान (पति स्व. जोगी पासवान), सूरज पासवान, धनंजय पासवान और गुलों पासवान (सभी के पिता स्व. नारायण पासवान)—द्वारा उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि दबंग हथियार के बल पर उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
मामले की जानकारी वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि खगेन्द्र पासवान और सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार को दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
बाइट – रामबालक पासवान, पीड़ित
रामबालक पासवान ने कहा कि उनकी जमीन पूरी तरह वैध है, बावजूद इसके गांव के दबंग उन्हें डराकर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर उन्हें न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।


