
इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन में जैसा अनुमान लगाया जा रहा था, वैसा ही नजारा देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पर फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त बिडिंग वॉर चला और अंततः कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीद लिया।
नीलामी के शुरुआती दौर में कैमरून ग्रीन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स भी बोली में शामिल हो गई। केकेआर और सीएसके के बीच काफी देर तक बिडिंग वॉर चला, लेकिन अंत में शाहरुख खान की टीम केकेआर ने बाजी मार ली।
T20 इंटरनेशनल में कैमरून ग्रीन का प्रदर्शन
कैमरून ग्रीन ने साल 2022 से अब तक 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 32.56 की औसत और 160.30 की स्ट्राइक रेट से कुल 521 रन बनाए हैं। उनकी इन पारियों में 42 चौके और 31 छक्के शामिल हैं, साथ ही उन्होंने 6 अर्धशतक भी लगाए हैं।
गेंदबाजी में भी ग्रीन ने प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने 23.25 की औसत और 8.90 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट अपने नाम किए हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3 विकेट 35 रन रहा है।
आईपीएल में कैमरून ग्रीन का रिकॉर्ड
कैमरून ग्रीन ने आईपीएल में अब तक दो सीजन खेले हैं। वर्ष 2023 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, जबकि 2024 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेला। इन दो सीजन में उन्होंने 29 मैचों की 28 पारियों में 41.60 की औसत और 153.70 की स्ट्राइक रेट से कुल 707 रन बनाए हैं।
आईपीएल में ग्रीन ने 62 चौकों और 32 छक्कों की मदद से 1 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। हालांकि, इस लीग में अब तक उन्होंने गेंदबाजी नहीं की है।
सभी टी20 मुकाबलों में कुल प्रदर्शन
अगर कैमरून ग्रीन के कुल टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 63 मुकाबले खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 33.35 की औसत और 151.07 की स्ट्राइक रेट से 1334 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 111 चौके और 63 छक्के लगाए हैं, जिसमें 1 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।
गेंदबाजी में ग्रीन ने टी20 फॉर्मेट में 34.42 की औसत और 9.05 की इकॉनमी रेट से 28 विकेट झटके हैं।
KKR की रणनीति साफ
कैमरून ग्रीन पर 25.20 करोड़ रुपये खर्च कर कोलकाता नाइट राइडर्स ने साफ कर दिया है कि टीम आगामी आईपीएल सीजन में मजबूत ऑलराउंडर के साथ उतरना चाहती है। बल्लेबाजी में आक्रामकता और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी का विकल्प ग्रीन को केकेआर के लिए बेहद अहम खिलाड़ी बनाता है।


