
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए आयोजित ऑक्शन में फ्रेंचाइजी टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस बार कुल 369 खिलाड़ियों पर बोली लगी। ऑक्शन की शुरुआत में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदकर सबसे महंगा विदेशी खिलाड़ी बना दिया। इसके बाद केकेआर ने एक और बड़ा दांव खेलते हुए श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को 18 करोड़ रुपये में अपने नाम कर लिया।
लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ चली कड़ी बोली की जंग में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बाजी मार ली। इस सौदे के साथ ही मथीशा पथिराना आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए हैं।
KKR ने मथीशा पथिराना पर क्यों लगाया इतना बड़ा दांव
कोलकाता नाइट राइडर्स ने मथीशा पथिराना को सिर्फ एक तेज गेंदबाज नहीं, बल्कि एक मैच विनर के रूप में देखा है। पथिराना की सबसे बड़ी ताकत दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता है। खासतौर पर टी20 क्रिकेट के डेथ ओवरों में वे दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
उनकी सटीक यॉर्कर और अनोखी गेंदबाजी एक्शन के सामने बड़े-बड़े बल्लेबाज भी संघर्ष करते नजर आते हैं। यही वजह है कि केकेआर मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताते हुए 18 करोड़ रुपये की बड़ी रकम खर्च की।
CSK के लिए कर चुके हैं आईपीएल डेब्यू
मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2022 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। उस समय सीएसके ने उन्हें रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर महज 20 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था। अपने पहले ही सीजन में पथिराना ने शानदार गेंदबाजी कर क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों को प्रभावित किया।
डेथ ओवरों में उनका नियंत्रण और घातक यॉर्कर उन्हें आईपीएल ही नहीं, बल्कि पूरे टी20 फॉर्मेट का एक खतरनाक गेंदबाज बनाता है। हालांकि यह भी चर्चा का विषय रहा कि आईपीएल के 19वें सीजन के लिए उन्होंने खुद को नीलामी के लिए नामांकित नहीं किया था, इसके बावजूद फ्रेंचाइजियों के बीच उनकी मांग जबरदस्त रही।
KKR की रणनीति पर नजर
कैमरून ग्रीन और मथीशा पथिराना जैसे खिलाड़ियों पर बड़ी रकम खर्च कर कोलकाता नाइट राइडर्स ने साफ कर दिया है कि टीम आगामी सीजन में मजबूत ऑलराउंड और डेथ ओवर बॉलिंग अटैक के साथ उतरने की तैयारी में है। पथिराना का अनुभव और फिनिशिंग ओवर्स में उनकी धार केकेआर के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।


