
नई दिल्ली। आईपीएल मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने सीमित बजट के बावजूद अपनी समझदारी से सभी का ध्यान खींचा। जब फ्रेंचाइजी ऑक्शन टेबल पर बैठी, तब उसके पर्स में 21.8 करोड़ रुपये थे। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों की तरह बड़ी-बड़ी बोलियां लगाना दिल्ली के लिए संभव नहीं था। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने रणनीति के तहत कुछ खास खिलाड़ियों को टारगेट किया और स्मार्ट बाय करते हुए दो बड़े मैच विनर्स को बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ लिया।
छुपी रुस्तम साबित हुई दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल मिनी ऑक्शन में जब ज्यादातर टीमें बड़े नामों पर फोकस कर रही थीं, तब दिल्ली कैपिटल्स ने चुपचाप अपनी चाल चली। फ्रेंचाइजी ने साउथ अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर और इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाज बेन डकेट को 2-2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीद लिया। दोनों खिलाड़ी अपने दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं और दिल्ली के लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।
आईपीएल में डेविड मिलर का रिकॉर्ड
डेविड मिलर को व्हाइट-बॉल क्रिकेट के बेहतरीन फिनिशर्स में गिना जाता है। उन्होंने 2025 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिश्रित प्रदर्शन किया था। मेगा ऑक्शन में 7.5 करोड़ रुपये में खरीदे गए मिलर ने 11 पारियों में 153 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 30.60 और स्ट्राइक रेट 127.49 रहा।
मिलर ने अपना आईपीएल डेब्यू 2012 में पंजाब किंग्स के साथ किया था और आठ सीजन तक उस टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद वे राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए भी खेल चुके हैं। आईपीएल करियर में मिलर अब तक 1 शतक और 13 अर्धशतकों की मदद से 3,077 से अधिक रन बना चुके हैं। उनका औसत 36.20 और स्ट्राइक रेट 138.60 रहा है, जो उनकी मैच विनिंग काबिलियत को दर्शाता है।
बेन डकेट पर क्यों लगाया दांव?
इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन उनकी आक्रामक और परिस्थितियों के अनुसार ढलने वाली बल्लेबाजी शैली ने दिल्ली कैपिटल्स को प्रभावित किया है। डकेट स्पिन और पेस, दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ प्रभावी माने जाते हैं। वे टॉप ऑर्डर से लेकर मिडिल ऑर्डर तक किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
हालांकि उन्होंने अब तक ज्यादा टी20 मुकाबले नहीं खेले हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी को उनमें भविष्य का बड़ा खिलाड़ी नजर आ रहा है। यही वजह है कि दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर भरोसा जताते हुए बेस प्राइस पर उन्हें टीम में शामिल किया।
कम बजट, बड़ी सोच
सीमित बजट में अनुभवी और संभावनाशील खिलाड़ियों को जोड़कर दिल्ली कैपिटल्स ने यह साफ कर दिया है कि टीम सिर्फ बड़ी बोलियों पर नहीं, बल्कि सही रणनीति और स्मार्ट चयन पर भरोसा कर रही है। आने वाले आईपीएल सीजन में डेविड मिलर और बेन डकेट दिल्ली के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।


