भागलपुर पुलिस ने पिकअप वाहन से लूटपाट की एक गंभीर घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देसी लोडेड कट्टा और लूटा गया पिकअप वाहन भी बरामद किया है। इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आदमपुर थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर निवासी संतोष कुमार उर्फ गेरुआ यादव, झारखंड के गोड्डा जिले के महगामा निवासी गणेश कुमार भगत और आदमपुर थाना क्षेत्र के सन्नी कुमार के रूप में की गई है।
सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 12 दिसंबर की रात की है। नवगछिया निवासी चालक उमेश कुमार पुआल लोड कर पिकअप वाहन से नवगछिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी तालाब के पास पहले से घात लगाए छह अपराधियों ने हथियार के बल पर पिकअप वाहन को रोक लिया।
अपराधियों को आशंका थी कि पिकअप वाहन में शराब की खेप ले जाई जा रही है। इसी संदेह के आधार पर उन्होंने चालक को हथियार दिखाकर धमकाया और पिकअप वाहन लूट कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात को शराब के लिए अंजाम दिया गया था।
सिटी एसपी ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


