मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, गन पॉइंट पर माइक्रो फाइनेंस कर्मी से 17 लाख की लूट

मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां शनिवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने गन पॉइंट पर 17 लाख रुपये की बड़ी लूट को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास वारदात

लूट की यह घटना कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास न्यू फोर लेन रोड, लालू–राबड़ी मोड़ के नजदीक हुई। यहां बाइक सवार अपराधियों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित कर्मचारी की पहचान विक्रम कुमार के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह जमालाबाद और चांदनी चौक इलाके से कलेक्शन के रूप में 17 लाख रुपये नकद लेकर वितरण के लिए जा रहा था। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे, दोनों ने हेलमेट पहन रखा था।

पीड़ित के अनुसार, अपराधियों ने बंदूक की नोक पर उससे कैश से भरा बैग छीन लिया और मोतीपुर की ओर फरार हो गए। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। इस दौरान किसी तरह की फायरिंग नहीं हुई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कराई। अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला कांटी थाना क्षेत्र का प्रतीत होता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम लेकर चलते समय फाइनेंस कंपनी या कर्मचारी द्वारा पुलिस को पूर्व सूचना क्यों नहीं दी गई। साथ ही कंपनी के दस्तावेज और कैश ट्रांजैक्शन की भी जांच की जा रही है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


 

  • Related Posts