भागलपुर बाइपास थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 1300 लीटर से ज़्यादा विदेशी शराब बरामद की है। पूरी तस्करी को रेत और लकड़ी के भूसे के नीचे छुपाकर किया जा रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक (नंबर JH 10S 6573) झारखंड से भारी मात्रा में शराब लेकर भागलपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही बाइपास थाना पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। पुलिस की मौजूदगी देख ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान ट्रक की ऊपरी परत पर लकड़ी का भूसा और रेत भरा था। जैसे ही इसे हटाया गया, नीचे छिपाकर रखी गई 146 कार्टन विदेशी शराब मिली। पुलिस के अनुसार, कुल 1312.920 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों में है।
यह कार्रवाई पुअनि प्रभात कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब फरार चालक, तस्करों और पूरे गिरोह की पहचान में जुटी है।
सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि शराब माफिया किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।


