मुंगेर के भेलवा दियारा में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार अवैध मिनी गन फैक्ट्रियां ध्वस्त; हथियार निर्माता गिरफ्तार

मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गंगा पार स्थित भेलवा दियारा में बुधवार की देर शाम एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक के बाद एक चार मिनी गन फैक्ट्रियों का उद्भेदन किया, जहाँ बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से हथियार तैयार किए जा रहे थे।

इस कार्रवाई में मौके से एक हथियार निर्माता मो. फैयाज, निवासी मिर्जापुर बरदह को गिरफ्तार किया गया। वहीं छापेमारी की भनक लगते ही अन्य अवैध हथियार कारोबारी दियारा की भूगोलिक कठिनाइयों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान टीम को कई महत्वपूर्ण और खतरनाक सामान मिले। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में शामिल हैं:

  • तीन निर्मित पिस्टल
  • दो अधनिर्मित पिस्टल
  • तीन जिंदा कारतूस
  • चार बेस मशीन
  • ड्रिल मशीन
  • हैंड बेस मशीन
  • एक मैगजीन
  • और हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले अन्य कई उपकरण

पुलिस के अनुसार यह बरामदगी इस बात का प्रमाण है कि दियारा क्षेत्र में लंबे समय से संगठित स्तर पर अवैध हथियार निर्माण का कारोबार चल रहा था।

SDPO ने दी जानकारी, फरार आरोपियों की तलाश जारी

एसडीपीओ सदर अभिषेक आनंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिंद टोली भेलवा दियारा में अवैध मिनी गन फैक्टरी संचालित की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसटीएफ और मुफस्सिल थाने की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने नाव से गंगा पार कर दियारा क्षेत्र में प्रवेश किया और इलाके की घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की। अचानक हुए इस ऑपरेशन के कारण कई लोग मौके से भाग निकले, लेकिन मो. फैयाज को पुलिस पकड़ने में सफल रही।

अभिषेक आनंद ने बताया कि फरार कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। दियारा क्षेत्र की भौगोलिक चुनौती होने के कारण अपराधी अक्सर इसका फायदा उठाते हैं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अवैध हथियार नेटवर्क पर बड़ी चोट

पुलिस का मानना है कि चार मिनी गन फैक्ट्रियों का एक साथ ध्वस्त होना जिले में सक्रिय अवैध हथियार गिरोहों के लिए बड़ा झटका है। यह कार्रवाई आगामी दिनों में अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

  • Related Posts