सात फेरे के 20 मिनट बाद टूटा रिश्ता: विदाई के बाद ससुराल पहुंचते ही दुल्हन ने साथ रहने से किया इनकार

देवरिया (उ.प्र.)—सात जन्मों का साथ निभाने का वादा कुछ ही मिनटों में टूट गया। शादी के बाद जब दुल्हन विदाई लेकर ससुराल पहुंची, तो चेहरा दिखाई की रस्म के दौरान उसने अचानक पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों की पंचायत बैठी और आपसी सहमति से संबंध को समाप्त कर दिया गया।

25 नवंबर को हुई थी शादी

भलुअनी नगर पंचायत क्षेत्र के एक युवक की शादी सलेमपुर नगर पंचायत की युवती से तय हुई थी। 25 नवंबर को देवरिया के एक मैरिज हॉल में बारात धूमधाम से पहुंची। द्वार पूजा, जयमाल और सभी हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ।

ससुराल पहुंचते ही बदला दुल्हन का फैसला

26 नवंबर की सुबह दुल्हन ससुराल पहुंची। महिलाएँ उसे घर के अंदर लेकर चेहरा दिखाई की रस्म कर रही थीं कि तभी दुल्हन अचानक बाहर आ गई और ससुराल में न रहने की बात कहने लगी। उसने मायके वालों को बुलाने की जिद पकड़ ली।

पति और परिजनों ने मनाने की की कोशिश

दूल्हे और ससुराल पक्ष ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। कुछ देर बाद मायके वाले भी पहुंचे और उन्होंने भी बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

5 घंटे चली पंचायत, आपसी सहमति से रिश्ता खत्म

करीब पांच घंटे चली पंचायत के बाद दुल्हन ने ससुरालवालों के व्यवहार को कारण बताते हुए पति के साथ रहने से मना कर दिया। अंततः दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने का फैसला किया।
पंचायत के सामने दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दिया गया सामान भी वापस कर दिया।

पुलिस तक पहुंचा मामला, पर केस नहीं हुआ दर्ज

मामला डायल 112 तक पहुंचा था, लेकिन भलुअनी थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई। पंचायत में ही विवाद का निपटारा कर दिया गया।


 

  • ये भी पढ़े..

    राम मंदिर चढ़ावा मामला: रोहिणी आचार्य का BJP पर बड़ा हमला, बोलीं- ‘छोटों पर FIR, बड़े जिम्मेदारों को बचाया जा रहा’

    Share Add as a preferred…