एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बड़ा बयान, कहा— “पांचों पांडवों ने कौरवों को परास्त किया”

पटना/भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने एनडीए की विजय को “सत्य की असत्य पर जीत” बताते हुए बिहारवासियों को हार्दिक बधाई दी है।

उन्होंने चुनाव परिणामों को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि जनता ने विकास और सुशासन पर अपना विश्वास फिर से दर्ज कर दिया है।

“महाभारत जैसे चुनाव में मोदी सारथी रहे, नीतीश अर्जुन” — चौबे

एनडीए की विशाल जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए अश्विनी चौबे ने कहा—

“आज पांचों भाई पांडव (NDA) ने कौरव (महागठबंधन) को परास्त कर दिया। इस महाभारत रूपी चुनाव में सारथी की भूमिका माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने निभाई, जबकि नीतीश कुमार अर्जुन की भूमिका में रहे। यह असत्य पर सत्य की जीत है।”

चौबे के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

भागलपुर में एनडीए की सभी सीटें जीतने पर व्यक्त किया आभार

भागलपुर प्रमंडल में एनडीए की सभी सीटें जीतने पर चौबे ने मतदाताओं का विशेष धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा—

“भागलपुर ने एक बार फिर विकास और स्थिर सरकार के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। 2014 में मेरे विधायक पद छोड़ने के बाद 11 वर्षों बाद भागलपुर विधानसभा में पुनः कमल खिलना मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है।”

रोहित पांडे को दी शुभकामनाएं, कहा— ‘भागलपुर के विकास की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर’

भागलपुर विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडे की जीत पर चौबे ने उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा—

“भागलपुर की जनता ने उन्हें जो अपार समर्थन दिया है, वह विश्वास वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। भागलपुर के विकास में चार चाँद लगाने का जो संकल्प मैंने यहाँ से निकलते समय छोड़ा था, उसे वे आगे बढ़ाएंगे—मुझे पूरा विश्वास है।”

एनडीए विधायकों को बधाई, कहा— ‘यह जन-जन की आशाओं का सम्मान’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भागलपुर कमिश्नरी के सभी नवनिर्वाचित एनडीए विधायकों को भी हार्दिक बधाई दी और कहा—

“यह जीत जनता की उम्मीदों, विश्वास और विकास की आकांक्षाओं का सम्मान है। Bihar ने एक बार फिर दिखाया है कि वह सुशासन और स्थिरता के पक्ष में खड़ा है।”

  • Related Posts