पवन खेड़ा का NDA सरकार पर बड़ा हमला, बोले— “62 हजार करोड़ में जीरो गिनिये… डर के कारण मीडिया दिखा नहीं पाता”

पटना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और AICC मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NDA सरकार पर बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में मीडिया पर जबरदस्त दबाव है और बड़े घोटालों की खबरें दबा दी जाती हैं। इसी दौरान उन्होंने 62 हजार करोड़ रुपये से जुड़े कथित घोटाले पर केंद्र और बिहार सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

“62 हजार करोड़ में जीरो गिनने को कहूँगा तो आपकी नौकरी चली जाएगी” — खेड़ा

पवन खेड़ा ने कहा—

“आज मीडिया पर इतना दबाव है कि अगर आप 62 हजार करोड़ में जीरो गिनने की हेडलाइन लगा देंगे तो शाम तक फोन आ जाएगा। या तो स्टोरी हटेगी या पत्रकार।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि एक बड़े राष्ट्रीय चैनल ने भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री द्वारा किए गए खुलासे को दिखाया, लेकिन कुछ घंटों में वह खबर गायब कर दी गई।

“देश का मीडिया पीएमओ के दबाव में, पर बिहार में जागरूक पत्रकारों ने सच्चाई पहुंचाई”

खेड़ा ने कहा—

  • मीडिया भारी दबाव में काम कर रहा है
  • पीएमओ में “मायावी हिरण” ने मीडिया को नियंत्रित कर लिया है
  • फिर भी आजाद पत्रकारों ने 62 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले की कहानी बिहार के घर-घर तक पहुंचा दी है

“1050 एकड़ जमीन एक रुपए में अडानी को दे दी गई” — कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस नेता ने बड़ा दावा किया—

  • बिहार सरकार ने पीरपैंती (भागलपुर) की 1050 एकड़ बेशकीमती जमीन सिर्फ 1 रुपये में अडानी के हवाले कर दी
  • बिहार की जमीन और कोयले से बनी बिजली को अडानी 7 रुपये/यूनिट पर राज्य को बेचेंगे
  • भाजपा एक ओर “मां के नाम पर बिहार बंद” कर रही थी, दूसरी ओर किसानों की जमीन को अडानी को दे रही थी

खेड़ा ने कहा कि भाजपा नेता आर.के. सिंह के हालिया खुलासे ने इस घोटाले पर मुहर लगा दी है।

“अडानी हर साल 25 हजार करोड़ कमाएंगे, मोदी-नीतीश ने नियम बदले”

खेड़ा ने आरोप लगाए—

  • केंद्र और राज्य सरकारों ने अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए नीतियों में बदलाव किए
  • SHAKTI नीति में संशोधन प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने किया
  • सौर परियोजना को थर्मल प्रोजेक्ट में बदला गया
  • पर्यावरण मानकों में ढील दी गई
  • बिना कोयला लिंकेंज के टेंडर पास किया गया
  • इंजीनियरों के विरोध के बावजूद टेंडर मंजूर हुआ

उन्होंने कहा—

“सारी खुदाई एक तरफ, गौतम भाई एक तरफ। जब बात अडानी की आती है तो मोदी जी सारे नियम-कानून ताक पर रख देते हैं।”

“भाजपा ने नीतीश कुमार का मुंह बंद कर रखा है”

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा—

  • भाजपा ने एक साल से नीतीश कुमार को चुप कराया हुआ है
  • खाली फाइलों पर नीतीश से हस्ताक्षर करवा लिए जाते हैं
  • उन फाइलों पर भाजपा नेता अपनी मर्जी के टेंडर जारी करते हैं
  • बिहार में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है

खेड़ा के अनुसार, पहले चरण की भारी वोटिंग NDA के खिलाफ जनता का आक्रोश है और महागठबंधन की जीत तय है। खेड़ा ने NDA से पूछे 10 महत्त्वपूर्ण सवाल

उन्होंने सरकार से 62 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले पर 10 बड़े सवाल पूछे, जिनमें प्रमुख हैं—

  1. सौर से थर्मल प्रोजेक्ट में बदलाव क्यों किया गया?
  2. SHAKTI नीति में संशोधन किसके हित में हुआ?
  3. कोयला लिंकेंज के बिना टेंडर कैसे जारी हुआ?
  4. पर्यावरण मानकों में ढील क्यों दी गई?
  5. गंगा जल की स्वीकृति के बिना परियोजना कैसे आगे बढ़ी?
  6. 58.67 करोड़ खर्च किस खाते में दिखाया गया?
  7. BSPGCL की समीक्षा याचिका अचानक क्यों हटाई गई?
  8. RPO लक्ष्य खतरे में क्यों डाला गया

“यह बिहार की जनता के साथ विश्वासघात है” — खेड़ा

उन्होंने कहा—

“सरकार ने जनता की जमीन, संसाधन और टैक्स से मिले पैसे को एक निजी कंपनी को सौंप दिया है। यह ‘डबल इंजन’ नहीं बल्कि ‘डबल भ्रष्टाचार सरकार’ है।”

कांग्रेस ने ऐलान किया कि सत्ता में आते ही इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

  • Related Posts