भोजपुर। जिले के चांदी थाना क्षेत्र के फरहंगपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक दंपत्ति का शव उनके कमरे से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घर में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण घटनास्थल पर उमड़ पड़े।
पलंग के पास पड़ी थी पत्नी की लाश
मृत महिला सोनी देवी (26) का शव कमरे में पलंग के नीचे फर्श पर पाया गया। उसके गले पर धारदार हथियार से कटे हुए गहरे निशान मिले हैं। वहीं, कुछ दूरी पर उसके पति राजेश कुमार (35) का शव भी मिला।
सूचना मिलते ही चांदी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पति ने की पत्नी की हत्या, फिर की खुदकुशी — पुलिस की प्रारंभिक जांच
पुलिस का मानना है कि किसी पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर खुदकुशी कर ली।
सदर एसडीपीओ–2 रंजीत कुमार सिंह ने कहा—
“प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कि पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर खुद आत्महत्या की है। पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। एफएसएल की टीम जांच कर रही है।”
दो महीने से अलग रह रही थी पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दो महीनों से सोनी देवी बिहटा में किराए के मकान में रह रही थी और वहीं एक फैक्ट्री में काम करती थी।
गुरुवार को वह फरहंगपुर मतदान करने आई थी, जहां यह हादसा हो गया।
परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतक की मौसी ने बताया कि दो महीने पहले जब राजेश गुजरात से लौटा, तो उसकी पत्नी ने उसे किराए के घर में घुसने नहीं दिया था।
डेढ़ साल पहले अलग हुए थे दोनों
राजेश और सोनी की शादी 2011 में पटना के नौबतपुर में हुई थी। शादी के बाद दोनों गुजरात चले गए थे, लेकिन बढ़ते विवादों के बीच डेढ़ साल पहले सोनी मायके लौट आई थी और अपनी मां के साथ रह रही थी।
हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या किन कारणों से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।


