पूर्व रेलवे यात्रियों की सुविधा को दे रही सर्वोच्च प्राथमिकता

सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी — एस्केलेटर का आपातकालीन स्टॉप बटन केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही दबाएं

कोलकाता, 29 अक्टूबर 2025।पूर्व रेलवे यात्रियों की सुविधा, आराम और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इन्हीं प्रयासों के तहत प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वालों की सुविधा के लिए एस्केलेटर लगाए गए हैं, जिससे स्टेशन परिसरों में आवागमन सुगम हुआ है।

वर्तमान में पूर्व रेलवे के अंतर्गत कुल 73 एस्केलेटर कार्यरत हैं — जिनमें हावड़ा एवं सियालदह मंडलों में 26-26, मालदा मंडल में 12 और आसनसोल मंडल में 9 एस्केलेटर शामिल हैं। ये सुविधाएँ विशेष रूप से त्योहारी सीज़न और भीड़भाड़ के समय यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।

हालांकि, यह देखा गया है कि कुछ यात्री एस्केलेटर के आपातकालीन स्टॉप बटन को बिना किसी वास्तविक आवश्यकता के दबा देते हैं। ऐसा करने से न केवल सेवा बाधित होती है, बल्कि अनेक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
आपात बटन दबने के बाद एस्केलेटर की विद्युत आपूर्ति पुनः सक्रिय करने और नियंत्रण प्रणाली को रीसेट करने में समय लगता है, जिसके कारण सेवा अस्थायी रूप से ठप हो जाती है।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि अनावश्यक रूप से एस्केलेटर रोकने से उसके ब्रेकिंग सिस्टम और अन्य यांत्रिक भागों में अनावश्यक घिसावट होती है, जिससे उपकरण की कार्यक्षमता और आयु पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

पूर्व रेलवे सभी यात्रियों से आग्रह करती है कि आपातकालीन स्टॉप बटन का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में करें, जैसे किसी यात्री के गिरने, कपड़ा या वस्तु फँस जाने या किसी अन्य आकस्मिक खतरे की स्थिति में।

रेलवे प्रशासन यात्रियों से यह भी अपील करता है कि वे स्टेशन परिसर में सतर्क रहें, सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, और रेलवे कर्मियों के साथ सहयोग करते हुए यात्रा को सुरक्षित, सहज और सुखद बनाएं।

सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है — आइए, मिलकर अपनी यात्रा को सुरक्षित और आनंददायक बनाएं।


 

  • ये भी पढ़े..

    OBC छात्राओं के लिए IIT पटना से कोचिंग सहयोग, मेडिकल-इंजीनियरिंग तैयारी को मिलेगा नया बल

    Share Add as a preferred…

    बिहार संग्रहालय बना देश का रोल मॉडल, 9 राज्यों के संग्रहालय विकास में निभा रहा अहम योगदान

    Share Add as a preferred…