जन सुराज सूत्रधार प्रशांत किशोर का रोड शो: गोपालपुर और बिहपुर में उमड़ा जनसैलाब, बोले – “35 सालों में बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दिया गया”

भागलपुर, 29 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में जन सुराज सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने बुधवार को भागलपुर जिले के गोपालपुर और बिहपुर विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पवन चौधरी (बिहपुर) और मनकेश्वर सिंह (गोपालपुर) के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा।

प्रशांत किशोर का काफिला सुबह नवगछिया के मिलन चौक से होते हुए बिहपुर के वशिष्ठ पेट्रोल पंप, खरीक, और गोपालपुर बाजार तक पहुंचा। हर जगह जन सुराज कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। सड़कों के दोनों ओर खड़ी भीड़ ने “बदलाव का संकल्प – जन सुराज” के नारों से माहौल को जोश से भर दिया।

अपने संबोधन में प्रशांत किशोर ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा –
“मोदी जी ने बिहार से वोट लिए, लेकिन फैक्ट्रियां सूरत में लगवा दीं। नीतीश और लालू ने मिलकर पिछले 35 वर्षों में बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दिया है। आज भी हमारे नौजवान रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में भटक रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि अगर बिहार की जनता इस बार भी वही गलती दोहराएगी, तो अगले पांच साल तक युवाओं को फिर बाहर जाना पड़ेगा।
“अबकी बार नाली-गली के लिए नहीं, अपने बच्चों की पढ़ाई और रोजगार के लिए वोट दीजिए। लालू-नीतीश की जोड़ी ने बिहार को ठहराव में डाल दिया है। अब बदलाव जरूरी है।”

प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश सरकार जनता को पांच साल तक लूटती रही और अब चुनाव से पहले 10-10 हजार रुपये बांटकर लोगों को बहकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जन सुराज ही बिहार को नया रास्ता दिखाएगा, जहां शासन जनता की भागीदारी से चलेगा, न कि नेताओं के परिवारों से।

रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और व्यापारी वर्ग प्रशांत किशोर के स्वागत में सड़कों पर उमड़ पड़े। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी समर्थकों से अपील की कि 11 नवंबर को ईवीएम पर जन सुराज के चुनाव चिह्न पर बटन दबाकर बिहार में ईमानदार राजनीति की शुरुआत करें।


 

  • Related Posts

    नवगछिया में ‘खून से रंगी’ होली! 3 दोस्तों को मारी गोली, 2 की मौत; खगड़िया से ससुराल आए युवकों के साथ खौफनाक वारदात

    Share Add as a preferred…

    Continue reading