
नालंदा (सिलाव): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान अभी शुरू भी नहीं हुआ है,लेकिन राजनीतिक रंजिश और झड़पों की खबरें सामने आने लगी हैं।मंगलवार को नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र में महागठबंधन और एनडीए समर्थक आपस में भिड़ गए। झड़प का कारण बना — छठ पर्व के दौरान महागठबंधन समर्थित गाना बजाना।
गाना बजाने को लेकर तीन गांवों में भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक, कदमतर, गुरुदयाल बिगहा और खेमजी बिगहा गांवों के लोगों के बीच छठ पर्व के बाद लौटते समय विवाद हो गया। महागठबंधन समर्थित गाना बजाने को लेकर
दोनों गुटों में कहासुनी हुई जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई।
ग्रामीणों के अनुसार, छठ घाट पर महागठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में गाना बजाने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और लाठी-डंडे चलने लगे।
112 पुलिस पहुंची, लेकिन लौटते समय फिर भिड़े लोग
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और
किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। लेकिन स्थिति फिर बिगड़ गई, जब गुरुदयाल बिगहा और खेमजी बिगहा के कुछ लोग
छठ घाट से लौटने के बाद घर के पास पहुंचते ही कदमतर गांव के लोगों से फिर भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
कई लोग घायल, विम्स पावापुरी में भर्ती
झड़प में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें बौली देवी, कन्हैया कुमार, गोलू कुमार, सौरभ कुमार और नीतीश कुमार शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए विम्स पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
सिलाव थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया —
“पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है।
मामले की जांच जारी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
चुनावी माहौल में तनाव बढ़ा
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं से चुनावी माहौल में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की अपील की है।


