
मालदा, 27 अक्टूबर:पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) और रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार सतर्कता जागरूकता सप्ताह – 2025 का शुभारंभ सोमवार को हुआ। यह सप्ताह 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है — “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी।”
सप्ताह की शुरुआत मालदा के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित सत्यनिष्ठा शपथ समारोह से हुई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार गुप्ता ने अपर मंडल रेल प्रबंधक शिवो कुमार प्रसाद, सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
इसी क्रम में जमालपुर डीजल शेड में भी सत्यनिष्ठा शपथ का आयोजन किया गया, जहाँ वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल) कृष्ण कुमार दास के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गौरतलब है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह से पूर्व मालदा मंडल द्वारा 18 अगस्त से 17 नवंबर 2025 तक चलने वाले तीन महीने लंबे सतर्कता जागरूकता अभियान की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों और आम जनमानस के बीच पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर DRM मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि सतर्कता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हर कर्मचारी और नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। इस दिशा में सामूहिक प्रयास ही भ्रष्टाचार-मुक्त और पारदर्शी प्रणाली की नींव रख सकते हैं।


