काराकाट से पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भरा नामांकन, निर्दलीय मैदान में उतरीं

रोहतास/काराकाट: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। सोमवार को उन्होंने बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। इससे पहले ज्योति सिंह ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर समर्थकों के साथ जुलूस निकालते हुए नामांकन स्थल पहुंचीं।


जनता के मुद्दों पर लड़ेंगी चुनाव

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में ज्योति सिंह ने कहा कि वह काराकाट की जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरी हैं। उन्होंने कहा, “काराकाट की जनता जिस चीज से परेशान है, वही हमारी मुद्दा है। पहले मैं कंफ्यूज थी कि चुनाव लड़ूं या नहीं, लेकिन क्षेत्र की महिलाओं ने मेरा समर्थन किया। इसलिए मैंने निर्दलीय नामांकन कराया है।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने पति पवन सिंह का समर्थन मिल रहा है, हालांकि इस मुद्दे पर उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से परहेज़ किया।


लोकसभा चुनाव में पवन सिंह रहे थे उम्मीदवार

बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इस सीट से सीपीआई (एमएल) के राजा राम सिंह विजयी हुए थे, जबकि पवन सिंह दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा को तीसरे स्थान पर धकेल दिया था।


पति-पत्नी के बीच विवाद रहा सुर्खियों में

पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद भी चर्चा में रहा है। दोनों के बीच तलाक का मामला आरा कोर्ट में विचाराधीन है। ज्योति सिंह ने कई बार पवन सिंह पर आरोप लगाए हैं, जबकि पवन सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ज्योति पर राजनीतिक महत्वाकांक्षा के आरोप लगाए थे।


जन सुराज से टिकट मिलने की अटकलें हुईं खत्म

ज्योति सिंह की जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर से मुलाकात के बाद अटकलें तेज थीं कि वह जन सुराज की टिकट से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, प्रशांत किशोर ने साफ कहा कि “काराकाट से जन सुराज के प्रत्याशी पहले ही घोषित हैं। ज्योति सिंह अपने पारिवारिक मामले को लेकर मिलने आई थीं।” इसके बाद ज्योति सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया।


काराकाट में बनेगा रोचक मुकाबला

काराकाट सीट से अब मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

  • महागठबंधन से सीपीआई (एमएल) के अरुण सिंह
  • एनडीए से जदयू के पूर्व सांसद महाबली सिंह
  • जन सुराज से योगेंद्र सिंह
  • और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ज्योति सिंह चुनाव मैदान में हैं।

पवन सिंह ने किया चुनाव से इंकार

हाल में पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था कि “मैं भोजपुरीया समाज को बताना चाहता हूं कि मैंने किसी पार्टी की सदस्यता नहीं ली है और न ही विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहा हूं।” उनकी इस घोषणा के बाद अब ज्योति सिंह का निर्दलीय मैदान में उतरना चर्चा का विषय बन गया है।


दूसरे चरण में होगी वोटिंग

काराकाट विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी। दोनों चरणों की मतगणना 14 नवंबर को होगी, जिसके बाद यह तय होगा कि काराकाट की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।


 

  • ये भी पढ़े..

    पटना हाईकोर्ट सख्त: बेऊर में अतिक्रमण और जलजमाव मामले पर सरकार से मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    Share Add as a preferred…