
मालदा, 16 अक्टूबर 2025।स्वच्छता, जन सहभागिता और यात्री सुविधाओं के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा स्पेशल कैंपेन 5.0 (2 से 31 अक्टूबर 2025) के तहत “अमृत संवाद” कार्यक्रम का आयोजन न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन पर किया गया।
यह कार्यक्रम मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (EnHM) प्रदीप दास के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रदीप दास ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल यात्रियों के हित में निरंतर सुधार, पर्यावरणीय स्थिरता और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कदम उठा रही है।
उन्होंने यात्रियों से संवाद करते हुए पंपलेट भी वितरित किए, उनके सुझाव सुने और स्टेशन पर सुविधाओं के और बेहतर निर्माण के लिए चर्चा की।
यात्रियों ने न्यू फरक्का स्टेशन पर विकसित आधुनिक सुविधाओं, बेहतर रोशनी और स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की।
“अमृत संवाद” कार्यक्रम ने यात्रियों और रेल अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने, जन सहभागिता को बढ़ावा देने और स्वच्छ, हरित एवं स्मार्ट रेलवे प्रणाली के निर्माण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का कार्य किया।


