पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी हलचल तेज है। रविवार, 12 अक्टूबर की शाम को जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सीटों की घोषणा की, वहीं महागठबंधन के ऐलान से पहले ही तेजप्रताप यादव ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
20 विधानसभा सीटों पर उतारे उम्मीदवार


जनशक्ति जनता दल ने 20 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। सबसे खास बात यह है कि वैशाली जिले की महुआ सीट से खुद तेजप्रताप यादव चुनाव मैदान में उतरेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, यह पार्टी राज्य में तीसरा मोर्चा बनकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है।
तेजप्रताप यादव का सोशल मीडिया पर एलान
तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा
“हमलोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तत्पर हैं। हमारा मकसद बिहार में संपूर्ण बदलाव कर एक नई व्यवस्था का नव निर्माण करना है। हमलोग बिहार के विकास के लिए लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।”
उन्होंने अपने चुनाव चिन्ह ‘ब्लैक बोर्ड’ के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है। तस्वीर पर नारा लिखा है
“जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज… बिहार का विकास करेंगे तेजप्रताप।”
पोस्टर में तेजप्रताप यादव को जनशक्ति जनता दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया गया है, और पार्टी का स्लोगन है “सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और संपूर्ण बदलाव।”
एनडीए से पहले महागठबंधन पर दबाव
तेजप्रताप यादव के इस ऐलान से महागठबंधन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आरजेडी से अलग होकर तेजप्रताप का मैदान में उतरना लालू परिवार के भीतर राजनीतिक खींचतान को और बढ़ा सकता है।


