पटना, 11 अक्टूबर 2025 | बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) ने शनिवार को पटना में बड़ा बयान दिया। राघोपुर जाने से पहले PK ने कहा कि वे वहां जाकर जनता की भावना को समझेंगे और जन सुराज पार्टी के भीतर चर्चा के बाद तय किया जाएगा कि वहां से उम्मीदवार कौन होगा।
PK ने दी चार नेताओं को सीधी चुनौती
प्रशांत किशोर ने साथ ही बिहार की राजनीति में हलचल मचाते हुए भाजपा और जदयू के दिग्गज नेताओं — दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय और अशोक चौधरी — को सीधी चुनौती दी है।
उन्होंने कहा,
“ये चारों बताएं कि वे बिहार चुनाव में किस सीट से मैदान में उतरने वाले हैं। जन सुराज उनके खिलाफ वही से उम्मीदवार उतारेगा और जनता के बीच जाकर हिसाब करेगा।”
“जनता तय करेगी किसे भेजना है विधानसभा में”
PK ने कहा कि जन सुराज का हर उम्मीदवार जनता की राय से तय होगा, किसी के ऊपर से टिकट नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा,
“हम चुनाव जनता के लिए लड़ रहे हैं, न कि किसी कुर्सी के लिए। राघोपुर की जनता तय करेगी कि वहां से कौन चुनाव लड़ेगा — कोई थोपेगा नहीं।”
राघोपुर का सियासी महत्व
राघोपुर सीट पर सबकी नजरें इसलिए हैं क्योंकि यह लालू प्रसाद यादव परिवार का पारंपरिक गढ़ मानी जाती है। वर्तमान में इस सीट से तेजस्वी यादव विधायक हैं। PK के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या जन सुराज तेजस्वी के खिलाफ कोई मजबूत उम्मीदवार उतारने जा रहा है?
PK का अभियान जोर पर
प्रशांत किशोर पिछले एक साल से जन सुराज पदयात्रा के माध्यम से लगातार बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,
“बिहार के हर जिले में जनता परिवर्तन चाहती है। अब यह राजनीति नेताओं की नहीं, जनता की होगी।”


