
एसवीयू की कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज न करने के एवज में मांग रहा था रिश्वत
पटना।राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। बहादुरपुर थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) अजय कुमार को विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने शुक्रवार को घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दारोगा ने एक युवक से प्राथमिकी दर्ज न करने के एवज में पैसे की मांग की थी।
शिकायत के बाद जाल बिछा
शिकायतकर्ता विक्रम ज्योति ने बुधवार को एसवीयू से संपर्क कर लिखित शिकायत दी थी।
उन्होंने बताया कि दारोगा अजय कुमार ने कहा था –
“तुम्हारे चाचा ने मारपीट का केस दिया है। उसमें तुम्हारे दादा, पापा, भाई और तुम्हारा नाम है। अगर एफआईआर से नाम हटवाना है तो हर आदमी के बदले पाँच-पाँच हजार रुपये देने होंगे।”
बाद में सौदा घटाकर सात हजार रुपये पर तय हुआ।
थाने में छापेमारी, दारोगा गिरफ्तार
शिकायत की जांच के बाद एसवीयू की टीम ने जाल बिछाया। डीएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में छापेमारी दल ने बहादुरपुर थाने पर धावा बोला और दारोगा को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
एसवीयू के अधिकारियों ने बताया कि दारोगा से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
भ्रष्टाचार की शिकायत कहाँ करें?
एसवीयू ने जनता से अपील की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत शिकायत करें।
इसके लिए कार्यालय अवधि में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
☎️ 0612-2506253
📱 9431800122, 9431800135


