सीवान (बिहार): सीवान जिले में रविवार को एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) [लोजपा(रा)] के नेता रईस खान के घर छापेमारी की गई। करीब 6 घंटे चली इस कार्रवाई में पुलिस ने रईस खान समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में कुख्यात खान ब्रदर्स के नाम से मशहूर रईस खान पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
6 घंटे तक चली छापेमारी
डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी मिली थी कि गांव में आपराधिक तत्व इकट्ठा होकर हथियार जमा कर रहे हैं। इसके बाद डीआईजी और सीवान एसपी मनोज तिवारी के नेतृत्व में सुबह से छापेमारी शुरू हुई, जो लगभग 6 घंटे तक चली।
छापेमारी में बरामद सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया —
- रईस खान
- मुन्ना खान
- अफताब
- शाह आलम
मौके से बरामद सामान:
- एक देसी कट्टा
- मादक पदार्थ
- 10 मोबाइल फोन
- दो वॉकी-टॉकी
- एक बुलेटप्रूफ जैकेट
- छह चारपहिया वाहन
- एक बाइक
- दो चाकू
रईस खान पर 52 आपराधिक मामले
अधिकारियों के अनुसार, रईस खान पर पहले से 52 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान एसडीपीओ सदर अजय कुमार, सिसवन सीओ पंकज कुमार, बड़ी संख्या में पुलिस बल और एसटीएफ के जवान मौजूद रहे।


