पटना, 21 सितम्बर 2025। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में शिक्षा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 49,09,336 लाभार्थियों के खाते में 2920 करोड़ रूपये डी०बी०टी० के माध्यम से हस्तांतरण किए।
इस राशि में मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट उतीर्ण) प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका एवं बालक पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, कन्या उत्थान योजना जैसी कई शैक्षिक योजनाओं का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुँचा।
958.79 करोड़ की आधारभूत संरचनाओं से संबंधित योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 958.79 करोड़ रूपये की लागत से 331 शिक्षा विभाग की योजनाओं का रिमोट माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें शामिल हैं:
- 426.10 करोड़ की लागत से निर्मित 259 योजनाओं का उद्घाटन
- 532.69 करोड़ की लागत से 72 नई योजनाओं का शिलान्यास
इन योजनाओं के तहत विद्यालय भवन, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, छात्रावास, शौचालय, पेयजल आदि की सुविधा को और सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता और पहुँच में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार किया जा रहा है। वर्ष 2005 में शिक्षा का कुल बजट 4366 करोड़ रूपये था जो अब बढ़कर 77,690 करोड़ रूपये हो गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति, नये विद्यालय भवनों और आधारभूत संरचना के विकास से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। सरकार राज्य के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख अधिकारी
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। शिक्षा विभाग पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई।


