पूर्णिया: प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, 40 हजार करोड़ की सौगात

पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एकदिवसीय बिहार दौरे पर पूर्णिया पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने हरी झंडी दिखाकर पूर्णिया से पहली कमर्शियल फ्लाइट को रवाना किया और साथ ही बिहार को चार नई ट्रेनों की सौगात दी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार को 40 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का तोहफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य की आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास और लोगों की रोजमर्रा की सुविधाओं में बड़ा बदलाव आएगा।

आरजेडी और कांग्रेस पर हमला

पीएम मोदी ने मंच से आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बिहार की तुलना बीड़ी से की थी। “ये लोग बिहार को आगे बढ़ता हुआ नहीं देख सकते।”
उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा और कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए आरजेडी और कांग्रेस घुसपैठियों की वकालत कर रही है, जबकि भारत में सिर्फ भारत का कानून ही चलेगा।

महिलाओं और युवाओं का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि आरजेडी के शासनकाल में हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं आम थीं। वहीं एनडीए सरकार में महिलाएं जीविका दीदी और ड्रोन दीदी बनकर आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने मखाना किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने इस सेक्टर की अनदेखी की, जबकि अब मखाना को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है।

नवरात्र से सस्ता होगा जीवन

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि 22 सितंबर से, नवरात्र के पहले दिन से, रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी घटा दी जाएगी। इससे रसोई का खर्च कम होगा और त्योहारों में आम परिवारों को राहत मिलेगी।

3000 नए घर और क्षमा याचना

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, तब तक उनकी सरकार का मिशन अधूरा रहेगा। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि 3000 नए घर बनाए जाएंगे।
कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर उन्होंने जनता से क्षमा मांगी और कहा कि देर के बावजूद भारी संख्या में उपस्थित रहकर जनता ने जो स्नेह दिया है, वह अभिभूत करने वाला है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई केंद्रीय मंत्री, सांसद और एनडीए के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।


 

  • ये भी पढ़े..

    डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, अगले वर्ष उनके नाम पर बनेगा भव्य पार्क

    Share Add as a preferred…