भागलपुर, 8 सितंबर 2025।बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), पटना द्वारा आयोजित सहायक प्रशाखा पदाधिकारी परीक्षा का आयोजन 10 सितंबर को भागलपुर जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर होगा। इस परीक्षा में कुल 7704 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से अपराह्न 2:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश नियम
- परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
- 11:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
- बिना फ्रिसकिंग के कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
- महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए अलग से पर्दा घेरा बनाया जाएगा और फ्रिसकिंग केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी।
समीक्षा बैठक में निर्देश
परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षक और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को ब्रीफिंग दी गई।
➡️ डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा को स्वच्छ और कदाचार मुक्त संपन्न कराना है और इसके लिए BPSC के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा और व्यवस्था
- सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे।
- प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका की सीलिंग एवं पैकिंग परीक्षार्थियों और दंडाधिकारी की मौजूदगी में होगी।
- परीक्षा केंद्र के 500 गज की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी।
- परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता दल, गश्ती दल और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस की भूमिका
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बैठक में कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराना पुलिस की प्राथमिकता होगी।
- सभी पुलिस पदाधिकारी समय पर ड्यूटी पर रहेंगे।
- परीक्षार्थियों की सख्ती से फ्रिसकिंग की जाएगी।
- किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह, वरीय उपसमाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मोहम्मद अयूब सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


