
पटना।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बिहार सरकार पर निशाना साधा है। रविवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार सिर्फ नकल करने का काम करती है।
सरकार पर नकल का आरोप
तेजस्वी ने कहा, “हम जो कहते हैं, जो घोषणा करते हैं, उसे यह सरकार जल्दबाज़ी में लागू करने लगती है। लेकिन असलियत यह है कि इनका काम अब सिर्फ जनता को ठगने तक सीमित रह गया है।”
“डुप्लीकेट नहीं, ऑरिजनल सीएम चाहिए”
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार की जनता अब समझ चुकी है। लोग कहने लगे हैं कि हमें “डुप्लीकेट नहीं, बल्कि ऑरिजनल सीएम चाहिए।”
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
तेजस्वी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया, “चुनाव आयोग ने इतना अजीब प्रैक्टिस किया है कि जिंदा को मार दिया और मरे हुए को जीवित कर दिया।”
उन्होंने कहा कि आयोग अपनी विश्वसनीयता खो चुका है और भाजपा पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप
तेजस्वी के मुताबिक, कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और चालाकी से फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने वोट की रक्षा करें।
जनता से सत्ता परिवर्तन का दावा
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार सत्ता से मौजूदा सरकार को बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार से देश को संदेश जाएगा कि जो लोग संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते हैं, उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा।


