भागलपुर, 4 सितंबर 2025: जिलाधिकारी भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को नवगछिया में चल रही दो प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
सबसे पहले उन्होंने मकंदपुर के समीप लगभग 41 करोड़ रुपये की लागत से 882 मीटर लंबे (पहुंच पथ सहित) रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का जायजा लिया। पुल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद पुल निर्माण निगम के अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और तय समय पर कार्य पूरा करने पर बल दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नवगछिया जीरोमाइल से पूर्णिया जाने वाली सड़क के किनारे पुलिस लाइन के पास 2 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित खेल अवसंरचना एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया। यह परियोजना लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी। उल्लेखनीय है कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवगछिया में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सह स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नवगछिया पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों योजनाओं की समीक्षा की।
इस अवसर पर नवगछिया की पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया श्री ऋतुराज प्रताप सिंह, सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से नवगछिया को बेहतर यातायात सुविधा और खेलों के क्षेत्र में बड़ा मंच मिलेगा।


