बेगूसराय, 29 अगस्त 2025।बिहार की राजनीति में समाजवादी धारा के मजबूत स्तंभ माने जाने वाले रामजीवन सिंह ने जन सुराज को अपना समर्थन दिया है। उनके पुत्र डॉ. राजीव नयन शुक्रवार को बेगूसराय स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशांत किशोर की मौजूदगी में जन सुराज में शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रशांत किशोर ने कहा,
“रामजीवन सिंह उन चुनिंदा नेताओं में हैं जिनके बारे में कहा जाता है कि अगर वे राजनीति में सक्रिय रहते तो राज्य की दिशा और दशा कुछ और होती। आज उन्होंने जन सुराज को अपना आशीर्वाद दिया है और अपने पुत्र को सक्रिय राजनीति में आने की आज्ञा दी है। इसके लिए मैं उनका हृदय से आभारी हूं।”
रामजीवन सिंह का राजनीतिक जीवन करीब पचास वर्षों का रहा है। वे पांच बार विधायक और दो बार सांसद चुने गए। कर्पूरी ठाकुर समेत बिहार की कई सरकारों में उन्होंने मंत्री पद संभाला। इसके अलावा वे जदयू के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे। साल 2009 में उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया।
वहीं, उनके पुत्र डॉ. राजीव नयन (59 वर्ष) लंबे समय से शिक्षा जगत से जुड़े हैं। वे बेगूसराय के मंझौल स्थित महेंद्र सावित्री कॉलेज के प्रिंसिपल हैं और इससे पहले 27 वर्षों तक प्रोफेसर के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।


