
सीतामढ़ी। बिहार की राजनीति में चुनावी माहौल तेज़ होता जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा SIR के तहत 65 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने के विरोध में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा इन दिनों बिहार में चल रही है। यात्रा रविवार को भारत-नेपाल सीमा स्थित बैरगनिया पहुंची, जहां बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला।
एनडीए पर बरसे तेजस्वी यादव
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी की सरकारें जनता की नहीं सुनतीं। उन्होंने कहा “लोकतंत्र में जनता राजा होती है। लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि राजा (सरकार) जो कहेगी वही जनता को करना पड़ रहा है। इस बार जनता फैसला करेगी और बेईमानों की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।”
महागठबंधन को वोट देने की अपील
तेजस्वी यादव ने लोगों से महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा—“आप लोग अपने वोट की ताकत को पहचानें। इस बार महागठबंधन की सरकार बनाइए ताकि बिहार का विकास हो सके। अपने वोट की हिफ़ाज़त कीजिए, लोकतंत्र और संविधान को बचाइए।”
तेजस्वी ने आगे कहा कि 20 साल से एनडीए सत्ता में है लेकिन अब सरकार ‘खटाला’ हो चुकी है। नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने तंज कसा—“हमारे चाचा बार-बार पलटी मारते रहे हैं, लेकिन अब उनकी स्थिति बिहार संभालने की नहीं रही।”
पीएम मोदी पर वादा खिलाफी का आरोप
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा—“पीएम मोदी जब चंपारण आए थे, तो उन्होंने वादा किया था कि यहां चीनी मिल खोलेंगे और यहीं चाय पिएंगे। लेकिन आज तक वादा पूरा नहीं हुआ। बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को छोड़कर भाजपा सिर्फ दंगा कराना चाहती है।”
राहुल गांधी का भाजपा पर हमला
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा को जितने वोट मिले थे, उतने ही वोट कांग्रेस और सहयोगी दलों को भी मिले, लेकिन चुनाव परिणाम अलग दिखाया गया।
राहुल ने आरोप लगाया कि“इस बार भाजपा ने 65 लाख वोटरों का नाम लिस्ट से काट दिया है, लेकिन इसके बावजूद बिहार में महागठबंधन की ही सरकार बनेगी।”
चंपारण के लिए रवाना हुई यात्रा
सभा के बाद राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य नेता वोट अधिकार यात्रा के अगले पड़ाव चंपारण के लिए रवाना हुए। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों ने “राहुल गांधी ज़िंदाबाद” और “तेजस्वी यादव ज़िंदाबाद” के नारे लगाए।


