भागलपुर : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में भागलपुर में 29 से 31 अगस्त तक खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न खेल कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त की सुबह 6 बजे सैंडिस कंपाउंड के स्टेशन क्लब के सामने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद सुबह 6:45 बजे पुरुष वर्ग की 3 किलोमीटर दौड़ और 7 बजे वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1 किलोमीटर तेज पैदल चाल का आयोजन होगा।
दोपहर 2 बजे खेल भवन भागलपुर में राजगीर में आयोजित हीरो एशिया पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों को दिखाया जाएगा। इसी अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सभी विद्यालयों में खेल क्विज, भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही, जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित हैं, वहां भी उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा।
खेल दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सैंडिस कंपाउंड कैफेटेरिया के सामने फैन पार्क बनाया जाएगा, जहां 30 अगस्त को स्पून रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित होगी।
30 अगस्त को सुबह 8:30 बजे 100 मीटर दौड़ सैंडिस कंपाउंड में आयोजित होगी। इसके अतिरिक्त दोपहर में कबड्डी, वॉलीबॉल, योग प्रतियोगिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष खेल कार्यक्रम आयोजित होंगे।
31 अगस्त की सुबह 6:30 बजे “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम सैंडिस कंपाउंड से आयोजित किया जाएगा।
सभी प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


