भागलपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भागलपुर की जनसभा में अग्निवीर योजना पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या निवासी अमरनाथ जायसवाल को मंच पर बुलाकर उनकी आपबीती जनता से साझा करवाई।
अमरनाथ की दर्दभरी कहानी
राहुल गांधी ने जीप पर खड़े होकर अमरनाथ को माइक सौंपा। अमरनाथ ने कहा –
- “मैंने दो साल तक सेना में नौकरी की। बारूद ब्लास्ट की चपेट में आने से मेरी एक उंगली उड़ गई। ब्लास्ट का प्रेशर झेल नहीं पाया और हाथ की नसें कमजोर हो गईं। इसके बाद मुझे सेना की नौकरी से हटा दिया गया।”
- उन्होंने आगे कहा – “मोदी सरकार से कहना चाहता हूं कि सेना बदल दीजिए, गोला-बारूद बदल दीजिए। सेना और शेर को कभी छेड़ा नहीं जाता। हम अपने सम्मान का बदला लेकर रहेंगे।”
- अमरनाथ ने मंच से यह भी कहा कि – “अयोध्या के लोग मर्यादा पुरुषोत्तम राम को भैया कहते हैं, राहुल गांधी भी हमारे लिए भैया हैं।”
राहुल गांधी का हमला
अमरनाथ की आपबीती के बाद राहुल गांधी ने माइक संभालते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
- उन्होंने कहा कि पहले सेना की नौकरी में पेंशन और मुआवजा मिलता था, लेकिन अब अग्निवीर योजना में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
- राहुल ने कहा – “एग्जाम से पहले पर्चा लीक हो जाता है। अमीरों के बच्चों को पहले ही सवाल मिल जाते हैं और वे परीक्षा पास कर जाते हैं, जबकि गरीब बच्चों का भविष्य अंधेरे में रह जाता है।”
- उन्होंने नोटबंदी और सरकारी नीतियों को छोटे व्यापारियों के खिलाफ बताया और कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों और युवाओं के साथ अन्याय किया है।


