भागलपुर।बिहार की राजनीति इन दिनों वोटर अधिकार यात्रा को लेकर जमकर गरमा गई है। 22 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई बड़े नेताओं का भागलपुर आगमन होना है। उससे पहले ही भाजपा ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भागलपुर में प्रेस वार्ता कर महागठबंधन के नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा –
“राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता अब पूरी तरह जागरूक है और झूठे नारों में फंसने वाली नहीं है।”
प्रशांत किशोर पर भी तंज
शाहनवाज हुसैन ने जनसुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) को भी बख्शा नहीं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा –
“पीके जहां भी जाते हैं, लंबी-लंबी गप मारकर लौट आते हैं। उनकी पार्टी में कोई सुनने वाला ही नहीं है। बिहार की जनता अब जमीनी नेताओं को चाहती है, हवा-हवाई बातों में नहीं आने वाली।”
मोदी सरकार के कामकाज की तारीफ
प्रवक्ता ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि केंद्र सरकार लगातार गरीबों, किसानों और नौजवानों के हित में काम कर रही है। जबकि विपक्ष सिर्फ सत्ता पाने की लालसा में यात्राओं और नारेबाजी का सहारा ले रहा है।
सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण
प्रेस वार्ता से पहले शाहनवाज हुसैन ने कचहरी चौक स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद ही उन्होंने मीडिया से बातचीत की और महागठबंधन के नेताओं पर निशाना साधा।
राजनीतिक मायने
भागलपुर की यह जंग सिर्फ एक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी माना जा रहा है। जहां एक तरफ महागठबंधन वोटरों को जोड़ने की कोशिश में है, वहीं भाजपा पहले ही विपक्ष के इस कदम को “जनता को गुमराह करने की चाल” बताकर पलटवार कर चुकी है।


