
नई दिल्ली, 21 अगस्त 2025: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में आज पूसा स्थित सी. सुब्रहमण्यम हॉल में ‘कर्मचारी संकल्प सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी, दोनों मंत्रालयों के सचिव, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट, और कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर दिन और हर क्षण महत्वपूर्ण है और कर्मचारियों को जनता की जिंदगी में बदलाव लाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को सकारात्मक दृष्टिकोण, टीम भावना और संतुलित जीवन जीने की सलाह दी।
मंत्री ने “काम और निजी जीवन में संतुलन” पर जोर देते हुए कहा कि प्रसन्नता और ऊर्जा के साथ काम करने से ही राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में हुए विकसित कृषि संकल्प अभियान, लखपति दीदियों की उपलब्धि, ग्रामीण आवास, और किसानों के लिए बायोस्टियुमिलेंट व नकली खाद-बीज पर किए गए सख्त कदमों की जानकारी भी दी।
शिवराज सिंह ने कर्मचारियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और जनहित में ईमानदारी से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “सरकार फाइल में नहीं, जनता की लाइफ में दिखनी चाहिए”, और यह तभी संभव है जब सभी कर्मचारी अपने कार्य में संकल्प और मेहनत के साथ जुटे रहें।
अंत में मंत्री ने व्यक्तिगत जीवन पर ध्यान देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और बताया कि जीवन जीने के तीन दृष्टिकोण हैं: दुखी होकर काम करना, संतुष्ट होकर काम करना, और प्रसन्नता व ऊर्जा के साथ काम करना। उन्होंने तीसरे दृष्टिकोण को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि यही नई कहानी लिखने का रास्ता है।
सम्मेलन के अंत में मंत्री ने इसे अगले वर्ष ‘कर्मयोगी संकल्प सम्मेलन’ नाम देने की संकल्पना साझा की।


