
भागलपुर: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग छात्र ने अपनी ही क्लासमेट छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों 10वीं क्लास के छात्र-छात्रा बताए जा रहे हैं। घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे की है।
सूचना के अनुसार, छात्रा रोज़ की तरह कोचिंग पढ़ने गई थी। तभी आरोपी छात्र भी कोचिंग सेंटर पहुंचा। दोनों कोचिंग सेंटर से लगभग 50 मीटर दूर माछीपुर चौक पहुंचे। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन अचानक कहासुनी बढ़ गई। इसी बीच लड़के ने मुर्गा काटने वाला चाकू निकालकर छात्रा पर हमला कर दिया।
हमले में छात्रा के हाथ पर तीन गहरे जख्म आए हैं, जिससे हाथ का मांस 2-3 इंच तक बाहर निकल आया। इसके अलावा, पेट में भी गंभीर चोट लगी है।
वारदात के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान मौके पर पहुंचे कुछ पत्रकार घटना का वीडियो बना रहे थे, लेकिन भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस जब आरोपी को बचाने पहुंची तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की हुई।
दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी नाबालिग के खिलाफ सुनियोजित कार्रवाई करने की तैयारी में है।


