मोतिहारी से बड़ी खबर : जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के निमोइया मोड़ के पास अपराधियों ने अहले सुबह एक महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान चंदा देवी (पति उमाशंकर प्रसाद) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, चंदा देवी घर पर अकेली रहती थीं। इसी का फायदा उठाकर अपराधी मोटरसाइकिल से आए और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सन्न रह गए, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता, महिला की मौके पर ही मौत हो गई और अपराधी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को पहले से भनक थी कि महिला अकेली हैं। हत्या के पीछे किसी रंजिश या अन्य कारण की आशंका जताई जा रही है।
सीडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
इस वारदात ने एक बार फिर मोतिहारी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार अपराध की घटनाओं के बावजूद पुलिस द्वारा सुरक्षा के दावे किए जा रहे थे, लेकिन दिनदहाड़े इस हत्या ने उन दावों की पोल खोल दी है।
स्थानीय लोग इस घटना से आक्रोशित हैं और पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


