राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और लालू परिवार से निष्कासित बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने सहयोगी रहे आकाश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेज प्रताप ने आकाश यादव को भी ‘जयचंद’ कहते हुए दावा किया कि उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर अनुष्का यादव के साथ उनकी तस्वीरें वायरल कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची।
सोमवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए तेज प्रताप ने कहा –
“हमारा राजनीतिक जीवन इन जैसे लोगों की वजह से खत्म नहीं होगा। बल्कि और मजबूती से आगे बढ़ेंगे। कोई भी जयचंद कितनी भी बड़ी साजिश कर ले, हमसे कभी जीत नहीं पाएगा।”
उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में अपने संगठन के बैनर तले पूरे राज्य में संवाद करने और चुनाव लड़ने की घोषणा भी की।
आकाश यादव को खुली चुनौती
तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक इंटरव्यू वीडियो भी शेयर किया और आकाश यादव पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा –
“वो (आकाश) हमें क्या न्याय दिलाएंगे। कौन हमें बदनाम कर रहा है, यह वक्त बताएगा। उन्होंने हमें फंसाने का काम किया। हमारे पर कतरने की कोशिश हुई, लेकिन हम इन लोगों के झांसे में आने वाले नहीं हैं।”
यह पहला मौका है जब तेज प्रताप ने सार्वजनिक रूप से आकाश यादव पर सीधे तौर पर हमला बोला है।
अनुष्का संग फोटो विवाद के बाद बेदखली
मई 2025 में तेज प्रताप ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अनुष्का यादव के साथ तस्वीर पोस्ट की थी और दावा किया था कि वे दोनों पिछले 12 साल से रिलेशनशिप में हैं। कुछ देर बाद उन्होंने पोस्ट हटा दिया, लेकिन उसी बीच उनकी और अनुष्का की अलग-अलग तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
इसके बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निष्कासित कर दिया।
कौन हैं आकाश यादव?
- आकाश यादव पहले तेज प्रताप के बेहद करीबी रहे हैं।
- वे छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
- बाद में वे पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) की छात्र विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।
- अनुष्का यादव, जिनके साथ तेज प्रताप की तस्वीरें वायरल हुई थीं, आकाश यादव के ही बहन हैं।
घटनाक्रम के बाद आरएलजेपी ने भी आकाश यादव को पार्टी से निकाल दिया था।


