भागलपुर। इंसान जब लालच की हदें पार कर जाए तो अपने ही खून का रिश्तेदार भी उसके लिए मायने नहीं रखता। ऐसा ही एक मामला भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपने जिंदा पिता को मृत घोषित कर उनकी जमीन बेच डाली।
सेवानिवृत्त पिता को बताया मृतक
जानकारी के अनुसार पीड़ित बुजुर्ग परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हैं। बेटे ने अपनी पत्नी यानी पीड़ित की बहू के साथ मिलकर पिता को मृत बताते हुए गांव के ही एक व्यक्ति को जमीन बेच दी। इस पूरे खेल में फर्जी गवाह भी तैयार कर लिए गए थे।
गांव में बनी हंसी का पात्र
जैसे ही गांव वालों को इस बात की जानकारी हुई कि बेटा अपने जिंदा पिता को मृत बताकर जमीन बेच चुका है, पूरा गांव बुजुर्ग का मजाक उड़ाने लगा। ग्रामीण उन्हें देखते ही “भूत-भूत” कहकर चिढ़ाने लगे। इससे पीड़ित व्यक्ति मानसिक रूप से काफी आहत हैं।
पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद, कोर्ट पहुंचे पिता
पीड़ित बुजुर्ग ने जब थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करानी चाही तो पुलिस ने उनकी फरियाद पर कोई ध्यान नहीं दिया। मजबूर होकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और नालसीवाद दायर किया। अब पूरा मामला कोर्ट में है और वहीं से तय होगा कि उन्हें न्याय मिलेगा या नहीं।
बहू भी शामिल
मामले में खुलासा हुआ है कि बेटे की इस करतूत में बहू की भी पूरी संलिप्तता रही। दोनों ने मिलकर योजना बनाई और फर्जी गवाह तैयार कर जमीन बिक्री की प्रक्रिया पूरी की।


