
भागलपुर, 16 अगस्त 2025:गंगा नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जीवन कठिन हो गया है। निचले इलाकों और नदी से सटे गाँव अब भी कमरभर पानी में डूबे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
इस बीच जीवन जागृति सोसाइटी ने बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए राहत कार्य जारी रखा। सोसाइटी की टीम ने सबौर प्रखंड के राजांदीपुर गांव में विशेष राहत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान करीब 500 बाढ़ पीड़ित परिवारों को सुखा राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
सोसाइटी की पहल
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जीवन जागृति सोसाइटी का उद्देश्य हमेशा से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना रहा है, खासकर तब जब सरकारी मदद हर जगह नहीं पहुँच पाती। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री में ऐसी खाद्य वस्तुएं शामिल की गई हैं, जिससे प्रभावित परिवार कुछ दिनों तक राहत महसूस कर सकें।
ग्रामीणों ने संस्था की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाढ़ ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित की है और ऐसे समय में यह मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई।
संस्था का पिछले वर्षों का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि जीवन जागृति सोसाइटी पिछले कई वर्षों से सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य जागरूकता और प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्यों में सक्रिय रही है। संस्था के इस अभियान से न केवल जरूरतमंदों को भोजन मिला, बल्कि उनके मनोबल को भी मजबूती मिली है।

