
79वें स्वतंत्रता दिवस पर विकास कार्यों की घोषणाएं
पटना, 15 अगस्त 2025 —मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना जिला अंतर्गत पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत के ग्राम डिहरी स्थित महादलित टोला में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर टोले के वयोवृद्ध श्री सुखू चौधरी ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में झंडोत्तोलन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2011 से स्वतंत्रता दिवस और 2012 से गणतंत्र दिवस पर राज्य के सभी महादलित टोलों में समुदाय के सबसे बुजुर्ग सदस्य द्वारा झंडोत्तोलन की परंपरा शुरू की गई है। उन्होंने इस अवसर पर कई विकास योजनाओं की घोषणा की, जिनमें शामिल हैं—
- 29 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण
- 55 लाख रुपये की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण
- कल्याणपुर पंचायत के खपूरा में 35 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक विद्यालय भवन
- डिहरी हनुमान मंदिर से बिहटा-सरमेरा पथ तक 1 किमी पक्की सड़क
- बिहटा-सरमेरा पथ से वाजितपुर रेलवे स्टेशन तक 2.1 किमी पक्की सड़क
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, चश्मा और अन्य लाभ वितरित किए।
इस मौके पर विधान पार्षद, पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने राज्य में सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान करते हुए बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।


