भागलपुर : आयुक्त, आईजी, डीएम और एसएसपी ने ली परेड की सलामी, सैंडिस मैदान में गूंजे देशभक्ति के नारे

भागलपुर, 15 अगस्त 2025 — 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस मैदान में जिला प्रशासन द्वारा भव्य मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ माननीय श्रम संसाधन मंत्री, बिहार सरकार एवं प्रभारी मंत्री, जिला भागलपुर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया।

ध्वजारोहण से पहले मंत्री श्री सिंह ने सुसज्जित परेड की सलामी ली। इसके बाद क्रमशः वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, आरक्षी महानिरीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) श्री विवेक कुमार और अंत में भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने भी परेड का निरीक्षण करते हुए सलामी ली।

परेड में शामिल टुकड़ियां
भव्य परेड में बिहार विशेष सशस्त्र बल-05 (गंगा कंपनी) के परिचारी अकबर राय (द्वितीय परेड कमांडर) के नेतृत्व में प्लाटून नं. 01, जिला बल भागलपुर के परिचारी अंजली कुमार-01 (प्रथम परेड कमांडर) के नेतृत्व में सैंडिस कम्पाउंड प्लाटून नं. 02, जिला सशस्त्र बल भागलपुर के प्रा.अ.नि. (प्रशि.) बिरेन्द्र राय के नेतृत्व में प्लाटून नं. 03, जिला महिला सशस्त्र बल की परिचारी अंजली कुमारी-02 द्वारा प्लाटून नं. 04, परिचारी मिनु सानिया द्वारा प्लाटून नं. 05, तथा परिचारी अजीत कुमार द्वारा पुलिस केंद्र प्लाटून नं. 1 ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

जिला महिला सशस्त्र बल के प्रा.अ.नि. (प्रशि.) श्री निवास शर्मा के नेतृत्व में पुलिस केंद्र प्लाटून नं. 2, एनसीसी की छात्राएं और स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियां भी शामिल रहीं। सभी ने अद्भुत अनुशासन और तालमेल का प्रदर्शन करते हुए देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण पेश किया।

कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गूंज उठा। आमजन एवं विद्यार्थियों ने परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। अंत में शहीदों को श्रद्धांजलि और राष्ट्र की सेवा के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।


 

  • Related Posts